कोलंबो पिछले महीने कथित तौर पर हेरोइन रखने के आरोप में गिरफ्तार श्रीलंकाई क्रिकेटर की पुलिस रिमांड नौ जून तक बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पच्चीस साल के मदुशंका और उनके एक दोस्त को 23 मई को देश के उत्तर-पश्चिमी प्रांत पन्नाला में कथित तौर पर हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। डेली मिरर वेबसाइट की खबर के अनुसार पुलिस को मदुशंका के पास 2.7 ग्राम जबकि उनके दोस्त के पास 2.8 ग्राम हेरोइन मिली थी। इसके बाद कुलियापितिया के मजिस्ट्रेट ने इन दोनों को दो जून तक पुलिस रिमांड में भेज दिया था। मंगलवार को आगे की जांच के लिए इनकी पुलिस रिमांड को 9 जून तक बढ़ा दिया गया है। श्रीलंका के क्रिकेट इतिहास में मदुशंका पहला अनुबंधित खिलाड़ी है, जिसे ड्रग रखने के आरोप में रिमांड में भेजा गया है। मदुशंका ने 2018 की शुरुआत में सुर्खियां बटोरी थी जब उसने बांग्लादेश के खिलाफ अपने पदार्पण मैच में एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय हैट्रिक बनाई थी। दाएं हाथ का यह तेज गेंदबाज एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में पदार्पण मैच में हैटट्रिक लेने वाला चौथा खिलाड़ी बना था। मदुशंका ने इसके अलावा बांग्लादेश के खिलाफ ही दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। गिरफ्तारी के बाद श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने उनका अनुबंध निलंबित कर दिया था।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3gKzWFN
No comments:
Post a Comment