सिडनीभारत को सीरीज के पहले वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने 66 रन से हरा दिया जिसके बाद मेहमान टीम के कैप्टन ने अपने साथी खिलाड़ियों के हाव-भाव (बॉडी-लैंग्वेज) पर सवाल उठाए। उन्होंने साथ ही कहा कि ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या का गेंदबाजी के लिए फिट ना होना टीम का संतुलन प्रभावित कर रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने सिडनी में खेले गए पहले वनडे में जीत दर्ज कर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली। मेजबान टीम ने 6 विकेट पर 374 रन बनाए जिसके बाद टीम इंडिया 8 विकेट पर 308 रन ही बना सकी। पढ़ें, कैप्टन कोहली ने मैच के बाद कहा, ‘हर किसी को पूरे 50 ओवरों में अपना जज्बा दिखाने की जरूरत होती है। शायद, हम लंबे समय बाद 50 ओवर के क्रिकेट में खेले जिसका असर मैदान में खड़े खिलाड़ियों पर पड़ सकता है लेकिन हमने इतना वनडे क्रिकेट खेला है कि हम इससे निपटना जानते हैं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे लगता है कि मैदान पर 25 ओवर के बाद खिलाड़ियों के हाव-भाव अच्छे नहीं थे। यह निराशाजनक है। अगर आप शीर्ष स्तर की प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ मौकों का फायदा नहीं उठाओगे तो वे आपको नुकसान पहुंचा देंगे और आज ऐसा ही हुआ।’ हार्दिक बोलिंग को तैयार नहीं हार्दिक पंड्या गेंदबाजी के लिए अभी फिट नहीं हैं तो कोहली ने कहा कि इससे टीम के संतुलन पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा, ‘हमें कामचलाऊ गेंदबाजों से कुछ ओवर कराने के लिए एक तरीका ढूंढना होगा। दुर्भाग्य से हार्दिक जैसा खिलाड़ी अभी गेंदबाजी के लिए तैयार नहीं है, हमें यह स्वीकार करना होगा, हमारे पास इस समय कोई अन्य आल राउंड विकल्प मौजूद नहीं है।’ उन्होंने कहा, ‘इस चीज पर ध्यान देने की जरूरत है, यह किसी भी टीम के संतुलन का अहम हिस्सा है। मार्कस स्टॉयनिस, ग्लेन मैक्सवेल ऑस्ट्रेलिया के लिए कुछ ओवर डाल रहे हैं, जिससे उन्हें मदद मिली।’ विकेट ना मिलने से पड़ा असर कोहली ने कहा कि उनके गेंदबाज नियमित अंतराल पर विकेट नहीं चटका सके जिससे ऑस्ट्रेलिया को बड़ा स्कोर बनाने में मदद मिली। उन्होंने कहा, ‘‘मैच जीतने में विकेट चटकाना सबसे अहम है, और हम यही नहीं कर सके, साथ ही मैदान पर कुछ गलतियों से भी हमने शुरू में जो दबाव बनाया था, उसका फायदा नहीं उठा सके।’ यह पूछने पर कि क्या संयुक्त अरब अमीरात से ऑस्ट्रेलिया पहुंचकर आइसोलेशन में रहने से टीम का प्रदर्शन प्रभावित हुआ तो उन्होंने कहा कि यह कोई बहाना नहीं है। उन्होंने कहा, ‘तैयारी के लिए काफी समय मिला। इसके लिए कोई बहाना नहीं बनाया जा सकता।’ भारत के लिए शिखर धवन (74) और हार्दिक (90) शीर्ष स्कोरर रहे। बल्लेबाजी इकाई के बारे में बात करते हुए कोहली ने कहा, ‘बल्लेबाजी के लिए हमने अभी थोड़ी बात की। सभी बल्लेबाज खेलने के लिए प्रतिबद्ध थे, मुझे लगता है कि हमने खुद को अच्छा मौका दिया। हार्दिक की पारी इसका सबसे अच्छा उदाहरण है। बल्लेबाजी इकाई के तौर पर हम सकारात्मक क्रिकेट खेलने के प्रति प्रतिबद्ध थे और हम भविष्य में भी ऐसा ही करेंगे।’ (एजेंसी से इनपुट)
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3mij7Es
No comments:
Post a Comment